कौन हो तुम?

मित्रों, प्रकृति एक छद्म-छलना, रहस्य-रश्मि, जादुई-शक्ति जो हमें जीवन आधार देती है, वह देवि हैं, उन्हीं पर यह लाइने उन्हें समर्पित, आपको प्रेषित हैं।

कौन हो तुम, मौन हो?
मौन हो क्यूं?
आज के, बदले हुए माहौल में
मासूम इतनी, 
शांत ऐसी, 
सहज, सरला, निष्कलुष! 
बताओ न! कौन हो तुम।

उड़ रही हो, परों पर 
चढ़, 
पंछियों के, उतने ऊंचे, 
गिर रही झरनों से नीचे
दुग्ध फेनिल! 
शीतली, 
किस तरह से तुम।
पत्थरों पर, कठिन इतने,
कोमलांगी! क्षत विक्षत! हो, 
देखता तुम्हे चकित हूँ।
इसलिए तो पूछता हूँ नम्र इतनी
कौन हो तुम!

डाल पर बैठी हुई, 
झूलों पे प्रिय! तुम झूलती,
लरछियों के उराग्रों* पर ललछुहीं*, 
किसलयी*, हे ताम्रपर्णी*
पाटली*,
मुख लिए तुम झांकती
फूल भीतर, महकती,
कलियों के भीतर चटकती!
मुरकती 
तुम, पंखुरी में,
जन्मजाती पंख पहला खोलती 
कौन हो तुम, मौन हो क्यूं?

कल्पना में देखता हूं, 
रूप तेरा
परा..., विस्तृत!
लह-लहाता, फर-फराता, 
फहरता, 
सृष्टि भर में, एक सा, 
फैला हुआ, यह..!
मानव दृगों में, वास तेरा 
री.. 
चंचली, 
इतना सुंदर..! 
बांधता, मन हृदय मेरा
देखकर, तुम्हें भ्रमित.. हूँ।
कौन हो तुम, मौन हो क्यूं?

आरूढ़ तुम, इन बादलों के रथों पर
दिव्यनी..! रूप धरती 
किस तरह से 
जलों का... 
उतरती, बरदान सी
धरती पे इस.. बरसती, कौन है तूं!
बोल न! क्यों.. मौन है तूं?

आज देखा फूल पर बैठी हुई तुम्हे
स्निग्ध, सुंदर बनी, तितली!
चाखती रस,
मधुर 
री,
मधुलोभिनी, 
कागजों से और पतले
पंख तेरे, 
इन्द्रजाली रंग तेरे
उड़ चली, तूं दूसरे क्षण, 
छोड़ सबको
विरक्त हो, संयासिनी।
बताओ न कौन हो तुम।

जय प्रकाश मिश्र
भाव: लरछियों* नई निकली, लंबी, पतली टहनी के अंत में कोमल निकलती पत्तियां जिसे उराग्र कह सकते हैं।
उराग्रों* हृदय द्वार के नर्म मुलायम पट
ललछुहीं* हल्के लाल से गाढ़े लाल के बीच का सुंदर रंग
किसलयी* ट्विग, नवलपत्ती, उराग्र से फूट रहीं नर्म गुलाबी रंग पत्तियां
ताम्रवर्णी* आम के अमोले के रंग की पत्तियां, तांबे के रंग की। 
पाटली* पाटल यानि गुलाब, तत् गुलाबी





Comments

Popular posts from this blog

देखता हूँ, अपने... पीछे...; कहां.. है? कोई.. जगह. ?

सत्य.. तो बस 'एक' है।

उसने पूछा! कौन.. हूँ मैं..!