यह प्रेम क्या है?
दो दिशाएं!
जहां जुड़तीं, क्षितिज पर!
दिखती नहीं,
यह..
वस्तुतः
पर स्वीकार्यता., की
साथ हैं हम।
विचारों में
एक होतीं, बिना स्वर,
छोड़ सब..
सटतीं.. परस्पर
आदि से ले अंत तक।
भावना में,
वास्तविक से अधिक
मधुतर!
और प्रायः छूती नहीं..
एक दूसरे को, अलग रहतीं
जन्म भर..।
दूर रह कर,
साथ रहतीं,
बिना देखे! उम्र भर!
प्रेम है, प्रेम है वह!
एक पुल..
इस पार से, उस पार तक!
अदृश्य बिल्कुल!
जोड़ दे जो..
आत्मा को आत्मा से..
स्पंद भर.. भर
दृढ़तर! वृहत्तर..।
बिना, ढांचा, बिना बंधन!
मुक्त प्रस्तुत!
हृदय तक..,
अटूट! सारी उम्र भर!
प्रेम है, वह प्रेम है।
एक बंधन! सूत्र बिन
सूक्ष्मतर..
रेशों.. के बिन..
जो बंध गया, हो देखकर..।
या..
बिना, देखे..
मात्र.. सुनकर!
स्पर्श पा, या सुगन्धि भर!
बिना पूछे! आपको...,
चिपट जाए,
कहीं...
मन! पर
टूटे नहीं, छूटे नहीं,
ढीला न हो
अंतिम उमर के, मोड़ तक!
प्रेम है, वह प्रेम है।
लंबी सड़क एक,
छाँव छादित..!
पार..! इस... से.. पारलौकिक..!
स्थूल से... अदृश्य तक।
सृष्टि की भाषा
अरी यह..
शब्द बिन, बिन! व्याकरण
एक सी, हम सभी में,
कैसी घुली है,
बालपन से..!
बिन.. पढ़ें,
बिन.. पढ़ाए,
बिन बताए..! एक अक्षर!
बिना अक्षर!
निरक्षर...
नर.., पशु, ही क्यों जड़, जीव तक
पूरे जगत में,
फैली पड़ी यह.. आदि से ले अंत तक
क्या है ये..
प्रेम है,
यह प्रेम की भाषा बिना ही व्याकरण।
इस धरा पर, हर जगह,
हर द्वीप पर,
ब्रह्मांड में, हर एक कण में
शक्ति है, इस प्रेम की बस
जोड़े यही है, उम्र सबकी
राज रस भी यही है,
गुरुत्वाकर्षण!
बुलावा हर किसी को
उस केंद्र तक,
यह प्रेम ही है, प्रेम है।
जय प्रकाश मिश्र
Comments
Post a Comment